देहरादून में 14 अप्रैल को पीएम मोदी का दौरा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन

Blog
 Image

देहरादून में 14 अप्रैल को पीएम मोदी का दौरा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन

2300 बसों की व्यवस्था, सुरक्षा-स्वास्थ्य समेत सभी विभाग अलर्ट; महिंद्रा ग्राउंड में होगी विशाल जनसभा

देहरादून:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे बहुप्रतीक्षित दिल्ली देहरादून एक्सप्रेश वे का उद्घाटन करेंगे। उनके दौरे को लेकर राज्य में तैयारियां तेज हो गई हैं और सभी संबंधित विभागों ने अपनी-अपनी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली हैं।
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश बॉर्डर स्थित डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना से करेंगे। इसके बाद वे करीब 11,970 करोड़ रुपये की लागत से बने 210 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।
पीएम मोदी इस दौरान राज्य की कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे, जिनमें टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट जैसी योजनाएं शामिल हैं।
दौरे के तहत प्रधानमंत्री देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस जनसभा को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनसभा में भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने करीब 2300 बसों और मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की है, जिनके जरिए देहरादून, हरिद्वार समेत अन्य जिलों से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। पीएम के दौरे के दौरान 11 डॉक्टरों की टीमें, तीन एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और कई अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सहित सभी विभागों की सक्रियता से यह दौरा भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।


बॉक्स में 


"विभागों, स्कूलों और कॉलेजों से देहरादून में 1500 से 1600 बसों की डिमांड आई है. इसी तरह हरिद्वार जिले में भी 600 से 700 वाहनों की आवश्यकता होगी, जिसकी व्यवस्था की जा रही है. बसों की जरूरत को पूरा करने के लिए परिवहन निगम से भी 300 बसों की डिमांड की गई है।"
                             अनीता चमोला,
           आरटीओ (प्रवर्तन), देहरादून


"प्रधानमंत्री अपने 14 अप्रैल को होने वाले दौरे के दौरान उत्तराखंड राज्य को बड़ी सौगात देने वाले हैं. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का पीएम शुभारंभ करेंगे. इससे देहरादून से दिल्ली जाने और दिल्ली से देहरादून आने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी। "
                            पुष्कर सिंह धामी
                           सीएम, उत्तराखंड