बीडीसी प्रस्तावों एवं शिकायतों की अनुपालन आख्या ना देने पर कारण बताओ नोटिस जारी

Blog
 Image

चमोली

बीडीसी की मॉनिटरिंग के लिए विकसित होगा समर्पित पोर्टल

बीडीसी प्रस्तावों एवं शिकायतों की अनुपालन आख्या ना देने पर कारण बताओ नोटिस जारी

विकासखंड चमोली के ब्लॉक सभागार दशोली में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी एवं जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं, विकास कार्यों एवं पूर्व में आयोजित बीडीसी बैठक के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभागवार समीक्षा की गई।

इस दौरान पूर्व बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों एवं प्राप्त शिकायतों पर अनुपालन आख्या रिपोर्ट संकलन न करने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी दशोली एवं एडीओ पंचायत के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्देश देते हुए वर्तमान बीडीसी बैठक के सभी प्रस्तावों एवं शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर संकलित कर संबंधित विभागों को प्रेषित करने के साथ ही विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को अपनी कार्ययोजना में शामिल करते हुए फील्ड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर जनपद में बीडीसी बैठकों के प्रस्तावों एवं शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभागों की जवाबदेही तय होगी तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा प्रस्तावित चेन लिंक फेंसिंग कार्यों की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी से कराने के निर्देश देते हुए कृषि बहुल गांवों को प्राथमिकता के आधार पर संतृप्त करने को कहा।

 स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, विद्युत, पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों पर चर्चा की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।