नशे की लत ने युवक को पहुंचाया सलाखों के पीछे,
12 घंटे में वाहन चोरी का खुलासा
डोईवाला।
कोतवाली डोईवाला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चोरी की घटना का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को भगवती प्रसाद निवासी गुजरोवाली, थाना रायपुर, देहरादून ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल मियांवाला चौक से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 45/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में वाहन चोरी में संलिप्त आरोपियों का सत्यापन भी किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 20 फरवरी की रात हर्रावाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अर्जुन थापा (24 वर्ष), निवासी शिवलोक कॉलोनी, रायपुर, देहरादून को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। वह चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक रघुवीर सिंह कपरवान चौकी प्रभारी हर्रावाला, अपर उप निरीक्षक प्रेम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल जसपाल पंवार,कांस्टेबल दिनेश रावत शामिल रहे.

