Chamoli
ललिता प्रसाद लखेड़ा
पांच दिवसीय सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण का डायट गौचर चमोली में हुआ समापन

समग्र शिक्षा के अंतर्गत उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों का पांच दिवसीय सूचना संचार एवं प्रौद्योगिकी आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली गौचर में समापन हो गया l प्रशिक्षण 17 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ था प्रशिक्षण में जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 84 शिक्षकों द्वारा प्रतिभाग किया गया l
प्रशिक्षण में अपनी बात रखते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली ( गौचर ) के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों को सूचना, संचार एवं प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से कक्षा कक्ष शिक्षण की तकनीकी जानकारी देना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षक अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी , रोचक और गुणवत्तापूर्ण बना सकेंगे l यह प्रशिक्षण केवल शिक्षक के शिक्षण से नहीं बल्कि उसके जीवन से भी जुड़ा है और यह उसके व्यक्तिगत जीवन के लिए भी बहुत उपयोगी होगा,
प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना भी है l
प्रशिक्षण के कार्यक्रम समन्वयक बचन जितेला ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण में प्रशिक्षण शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन टूल्स, क्लाउड स्टोरेज, वर्ड प्रोसेसर , प्रेजेंटेशन टूल्स, ड्राइंग टूल्स ,ऑनलाइन मीटिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग , कृत्रिम बुद्धिमत्ता ऑडियो वीडियो टूल्स, कॉपीराइट, क्रिएटिव कंटेंट, साइबर हाइजीन इत्यादि का प्रशिक्षण दिया गया , साथ ही सभी गतिविधियों की हैंड्स ऑन प्रैक्टिस करवाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान अध्यापकों के द्वारा प्रार्थना सभा, समूह गान एवं दैनिक आख्या का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रशिक्षण में सुगमकर्ता के रूप में वीरेंद्र सिंह कठैत , दिनेश बधानी, पंकज सती और आलोक रंजन नेगी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में इस वर्ष जनपद के उच्च प्राथमिक स्तर के 200 शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। अगले चरण का प्रशिक्षण 9 मार्च से 14 मार्च तक संपन्न होगा, जिसमें जनपद के 90 शिक्षकों को आमंत्रित किया गया है ।
कार्यक्रम के समन्वयक बचन जितेला के संचालन में हुऐ समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने कहा कि प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है जब प्रशिक्षण बच्चों तक पहुंचाएं। इस अवसर पर डॉक्टर कमलेश कुमार मिश्र, गोपाल प्रसाद कापारवाण, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, डॉ.गजपाल राज, नीतू सूद, मृणाल जोशी, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल उपस्थित रहे।

