ढाक में ‘ईको टूरिज्म फॉर माउंटेन गाइड्स’ प्रशिक्षण: युवाओं ने करछी फॉरेस्ट ट्रेल में सीखी बर्ड वाचिंग
नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ के सौजन्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, 45 युवा ले रहे हैं भाग
जोशीमठ।
नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ के सौजन्य से डीएफओ नन्दा देवी IFS अभिमन्यु के निर्देशन में ऐतिहासिक लार्ड कर्ज़न/कुंवारी पास ट्रैक रूट के मेजबान गांवों तुगासी, करछी, रेगड़ी, करछो और ढाक के युवाओं के लिए तीन दिवसीय “ईको टूरिज्म फॉर माउंटेन गाइड्स” प्रशिक्षण कार्यक्रम ढाक बेसकैंप में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ट्रैकिंग और प्रकृति पर्यटन से जुड़े युवाओं में पारिस्थितिकी पर्यटन, बर्ड वाचिंग तथा सतत विकास आधारित रिस्पांसिबल टूरिज्म के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्किल डेवलपमेंट करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में इंडिया हाईक और बर्ड वाचिंग क्लब औली द्वारा क्षेत्र के युवाओं को ईको टूरिज्म नेचर गाइड की ट्रेनिंग दी जा रही है। शिविर में वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क की रेंज ऑफिसर चेतना काण्डपाल ने प्रशिक्षुओं को नन्दा देवी बायोस्फियर रिजर्व के वन्य जीवन, फायर सेफ्टी, वनाग्नि रोकथाम, जैव विविधता संरक्षण और विश्व धरोहर स्थल के महत्व सहित पारिस्थितिकी तंत्र की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
मंगलवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन बर्ड वाचिंग क्लब औली के नेचर एक्सपर्ट संजय कुंवर और इंडिया हाईक के टीम मैनेजर अभिषेक भान ने प्रतिभागियों को ईको टूरिज्म, सस्टेनेबल टूरिज्म, पक्षी अवलोकन, पक्षी व्यवहार, बर्ड आइडेंटिफिकेशन, प्रवासी पक्षियों की जानकारी, ट्रैकिंग टूरिज्म के विकास और माउंटेन गाइड की जिम्मेदारियों के बारे में बताया। साथ ही स्किल डेवलपमेंट, बॉडी लैंग्वेज, स्टोरी टेलिंग और व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण के तीसरे दिन करछी–तुगासी अखोड़ गैट्ठा फॉरेस्ट ट्रेल में युवाओं को पक्षी अवलोकन के गुर सिखाए गए। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने उत्साह के साथ येलो बिल्ड ब्लू मैगपाई, कॉमन कैस्ट्रॉल, बोनली ईगल, ग्रीन बैक्ड टिट, ब्लैक एंड येलो ग्रॉस बीक, ग्रे हुडेड बॉवलर और स्कारलेट मिनिवेट जैसे पक्षियों का अवलोकन किया।
इस प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र के करीब 45 युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ द्वारा सभी प्रशिक्षुओं के लिए तीन दिनों तक रहने और भोजन की उचित व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ के उप वन क्षेत्राधिकारी नरेंद्र लाल शाह ने भी प्रशिक्षुओं को वन्यजीवों के व्यवहार और उनके संरक्षण के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

