ऑपरेशन प्रहार: देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन
33 ड्रंक ड्राइवर्स गिरफ्तार, 1500 से अधिक लोगों की जांच
देहरादून।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने अपराधियों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रातभर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान एसएसपी खुद ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर टीमों का नेतृत्व करते नजर आए। पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण और यातायात के निर्देशन में अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की।
रात्रि अभियान के दौरान 1500 से अधिक लोगों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर 171 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान करते हुए 42,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 5 संदिग्धों को 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में 33 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 125 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट में चालान करते हुए 67,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 20 चालकों के न्यायालय चालान किए गए और 42 वाहनों को सीज किया गया।
देहरादून पुलिस का यह अभियान अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से लगातार जारी है।

