*माँ नन्दा देवी लोकजात उत्सव भव्यता के साथ मनाया गया*
चन्द्रापुरी/ रुद्रप्रयाग
ऊखीमठ ब्लॉक की ग्राम सभा पेैलिंग में गोपाष्टमी व अक्षय नवमी के शुभ अवसर पर माँ नन्दा देवी (लोक जात) के आगमन व विदाई समारोह को बड़े हर्षोल्लास के साथ प्रत्येक वर्ष की भाँति मनाया गया है। पहले दिन माँ नन्दा देवी के मुख फर्श को केले के तने, कपड़े तथा विभिन्न प्राकृतिक रंगों के द्वारा मुखफर्श को उकेरा गया। जिसमें समस्त ग्रामवासियों द्वारा रात भर माँ के जागर गाए गए सुबह समस्त ग्रामवासियों द्वारा माँ नन्दा देवी को चूडे़, अखरोट, स्वालीं ककड़ी,मकई आदि व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। दोपहर के बाद माँ नन्दा देवी को अर्घ्य व भतूज लगायी गयी, नंदा देवी लोकजात में मां नंदा देवी के जागरण के गायन में उत्तराखण्ड के समस्त देवी-देवताओं का आवाह्न, सृष्टि उत्पत्ति माँ नंदा शिवजी का विवाह, राजजात का वर्णन, माँ नन्दा का दोष व अंत में सुफल बांटना का गायन लोकभाषा गढ़वाली में किया जाता है। इस परम्परा का निर्वहन ग्रामीणों द्वारा पीढ़ी दर पीढ़ी सदियों से किया जा रहा है जिसमें बड़ी आस्था व श्रद्धा के साथ मांँ नंदा को धियाण के रुप में बुलाया जाता है। अर्चन पूजन करके रात्रि को माँ नंदा देवी को विदाई दी जाती है इस शुभ अवसर पर ग्राम देवता क्षेत्रपाल, कालिंका ,दुर्गा आदि देवी-देवता अपने पश्वाओं पर अवतरित होकर अपना आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इस प्रकार बड़ी भव्यता के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा व विश्वास के साथ किया जाता है। यह देवकार्य ग्राम प्रधान सावित्री देवी, वन पंचायत सरपंच महावीर सिंह नेगी व समस्त ग्राम वासियों के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।