govt-ads

भयानक बाराती बस हादसे के पीड़ितों के लिए उत्तराखंड-नेपाल सीमा शोक में

Blog
 Image

उत्तराखंड-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पिथौरागढ़ के झूलाघाट कस्बे से लगी नेपाल के बैतड़ी जिले में बारातियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बस नेपाल के बैतड़ी जिले के पुरचूंणी नगरपालिका-7 भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। गुरुवार देर रात पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गई और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नेपाल एपीएफ, प्रहरी और अन्य सुरक्षाबलों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में छह बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बजांग और बैतड़ी जिले के कई निवासी शामिल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है। प्रहरी प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण बस का ओवरलोड होना सामने आया है। बताया जा रहा है कि अधिक भार होने के कारण बस चढ़ाई पर संतुलन खो बैठी। हादसे में बस चालक भी घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने उपचार के बाद अपने नियंत्रण में ले लिया है। इस हादसे के बाद नेपाल और सीमावर्ती भारतीय क्षेत्रों में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।