जनगणना2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित

Blog
 Image

चमोली 

जिलाधिकारी ने की जनगणना तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों समयबद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश


 जनगणना2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती शीघ्र सुनिश्चित की जाए, जिससे आगामी प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की देरी न हो।

जिलाधिकारी द्वारा जनपद स्तर पर जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम को 5 से 15 अप्रैल के मध्य निर्धारित समयसीमा में आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी उपखंड जनगणना अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मास्टर ट्रेनर्स एवं जिला जनगणना कोऑर्डिनेटर के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय पर पूरा कर लिया जाए । उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जोर देते हुए सभी कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति पूर्ण रूप से दक्ष बनाया जाने की बात कही ताकि जनगणना का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना निर्धारित समय पर सुचारु रूप से प्रारंभ किया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जो दो चरणों में संपन्न की जाएगी। प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण एवं आवास संबंधी जानकारी एकत्रित की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या का विस्तृत आंकलन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, डाटा की शुद्धता तथा पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में मास्टर ट्रेनर जेपी तिवारी, जिला जनगणना कोऑर्डिनेटर सहित समस्त उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहें।