जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर घरेलु गैस उपलब्धता का लिया जायजा

Blog
 Image

चमोली 

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर घरेलु गैस उपलब्धता का लिया जायजा

किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा पैनिक बुकिंग से बचें:जिलाधिकारी

डीएम ने गैस वितरण प्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने हेतु आपूर्ति विभाग को रोस्टर प्रणाली को व्यवस्थित करने के दिए निर्देश

जनपद में आमजन को घरेलू गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने और गैस सिलेंडरो की कालाबाजारी की सम्भावना रोके जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को विभिन्न गैस एजेंसियों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोपेश्वर, कोठियालसैण, मैंठाना एवं नन्दप्रयाग स्थित गैस गोदामों में पहुंचकर घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण व्यवस्था का गहनता से परीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि गैस वितरण पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में गैस की उपलब्धता पर निरंतर निगरानी बनाए रखें, ताकि किसी भी स्तर पर आमजन को असुविधा न हो और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।इस दौरान जिलाधिकारी ने रैनडम नंबर लगाकर गंगी लाल नामक

गैस सिलेंडर प्राप्त करने वाले उपभोक्ता से बात की जिसमें उपभोक्ता गंगी लाल द्वारा समय पर गैस मिलने की बात कही गयी, साथ ही उन्होंने इसके लिए प्रशासन का धन्यवाद भी किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस गोदामों में सुरक्षा मानकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम संचालकों को निर्देश दिए कि सुरक्षा से संबंधित सभी प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गैस वितरण प्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने हेतु जिला आपूर्ति अधिकारी को रोस्टर प्रणाली व्यवस्थित करने के निर्देश दिए जिससे आसानी से लोगो को घरेलु गैस मिल सके। उन्होंने कहा कि रोस्टर के माध्यम से निर्धारित समयानुसार विभिन्न क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाए तथा प्रतिदिन वितरित किए गए सिलेंडरों का विधिवत रिकॉर्ड भी रखा जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा पैनिक बुकिंग से बचें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान उप जिलाधिकारी आरके पांडे, जिला आपूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित संबंधित गैस एजेंसी के ओनर और कर्मचारी उपस्थित रहे।