मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के लखनऊ से देहरादून आगमन पर पुलिसलाइन से मुख्यमंत्री आवास तक पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने भव्य स्वागत किया।

Spread the love

उत्तराखंड/ देहरादून

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के लखनऊ से देहरादून आगमन पर पुलिसलाइन से मुख्यमंत्री आवास तक पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री  धामी ने उत्तराखण्ड के हितों के लिए इस दौरे को ऐतिहासिक बताया।
मुख्यमंत्री  धामी ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि पिछले 21 सालों से उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत इस बैठक में समाधान तक पहुंची है। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश हित में कई निर्णय लिए गए हैं।


उन्होंने बताया कि किच्छा में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की बस स्टैंड की भूमि को उत्तराखण्ड को 15 दिन के अन्दर हस्तांतरित किए जाने एवं वन विभाग के अवशेष ₹90 करोड़ के देयकों का भुगतान भी तत्काल उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखण्ड को किए जाने का निर्णय लिया गया।

सिंचाई विभाग की 5700 हेक्टेयर भूमि और 1700 आवासों में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के उपयोग हेतु आवश्यक भूमि एवं भवन के आकलन के लिये संयुक्त सर्वे कर शीघ्र चिन्हीकरण किया जाएगा।बैठक में दोनों राज्यों के मध्य सहमति बनी कि न्यायालयों में लम्बित विभिन्न वादों को वापस लेकर आपसी सहमति से मामलों को हल किया जाएगा। भारत-नेपाल सीमा पर बनबसा बैराज तथा किच्छा का बैराज का मरम्मत एवं निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा किया जाएगा।


उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा उत्तराखण्ड परिवहन निगम को ₹205 करोड़ का भुगतान करने पर सहमति बनी। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद् की उत्तराखण्ड में अवस्थित परिसम्पतियों के निस्तारण से होने वाली आय एवं देनदारियों का दोनों राज्यों को 50-50 प्रतिशत के अनुपात में बंटवारा किया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री  गणेश जोशी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  मदन कौशिक समेत बड़ी संख्या में आम जनता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love
error: Content is protected !!