कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की तैयारियां तेज
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए व्यापक व्यवस्थाओं के निर्देश
रूट प्लान, पार्किंग, शटल सेवा, स्वास्थ्य सुविधाएं और निकासी योजना पर विशेष जोर
अगले 10 दिनों में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
देहरादून।
नैनीताल जिले स्थित कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मेले के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और आवागमन के पीक टाइम को देखते हुए अगले 10 दिनों के लिए रूट प्लान, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टोरल प्लान तैयार करने तथा पार्किंग प्रबंधन एवं रूट प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार राज्य और राज्य के बाहर तक करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में सौंदर्यीकरण और लाइटिंग कार्यों को शीघ्र पूरा करने के साथ मेला एवं पार्किंग क्षेत्रों में पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने मल्टीलेवल पार्किंग के प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा पार्किंग से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस और लोक निर्माण विभाग को रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों की तैयारी और आवश्यक ब्लैक टॉपिंग कार्य समय पर पूरा करने को कहा। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों के लिए निकासी योजना तैयार रखने, स्वास्थ्य सुविधाओं और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा कर्मियों को निकासी योजना की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने भीड़ प्रबंधन को लेकर सभी हितधारकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और मेले के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर बल दिया।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दीपक रावत, निवेदिता कुकरेती, ललित मोहन रयाल, मंजुनाथ टीसी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

