मसूरी में दर्दनाक सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत
मसूरी।
उत्तराखंड के मसूरी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। बताया गया कि झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज चौकी क्षेत्र में एक कार तीव्र ढलान पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बचाव दलों को मौके पर भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना से पहले कार सवार लोग पास की एक दुकान से सामान खरीदकर वाहन में बैठे थे। इसी दौरान कार अचानक ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगी और सड़क से फिसलकर खाली प्लॉट के रास्ते गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है।
घनी झाड़ियों और दुर्गम भू-भाग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया।
हादसे में मृतकों की पहचान सत्य प्रकाश (निवासी सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद) और संगीता (46 वर्ष, निवासी करोलबाग, दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा। मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जो मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

